
जेवर, 27 जून: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर स्थित जेवर में शनिवार को 6,785 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया। यह परियोजना अंबर एंटरप्राइजेज और कोरिया सर्किट्स के संयुक्त उपक्रम “एसेंट के सर्किट्स” के तहत स्थापित की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह निवेश प्रदेश में रोजगार, औद्योगिक विकास और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब बन चुका है। उनके अनुसार, देश में बनने वाले लगभग 55 प्रतिशत मोबाइल फोन नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तैयार हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई परियोजना से इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण को भी मजबूती मिलेगी और प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और बढ़ेगी।
सीएम योगी ने केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की विकास परियोजनाओं को केंद्र स्तर पर तेजी से स्वीकृति मिल रही है, जिससे निवेश और विकास कार्यों में तेजी आई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और दक्षिण कोरिया के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। इसी साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए यह निवेश दोनों देशों के औद्योगिक सहयोग को नई दिशा देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनका कहना था कि बड़े निवेश न केवल रोजगार बढ़ाते हैं बल्कि स्टार्टअप, निर्यात और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूती देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र में हुए बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जहां कभी यह क्षेत्र पिछड़ेपन की पहचान माना जाता था, वहीं आज यह बड़े निवेश, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।






