काशी में दशाश्वमेध घाट पर भाग्यश्री ने की मां गंगा की आरती, बोलीं, “यह अनुभव अविस्मरणीय है”

 

वाराणसी: बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री ने शुक्रवार शाम विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर आयोजित मां गंगा की भव्य आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और सैकड़ों दीपों की दिव्य आभा के बीच उन्होंने मां गंगा का आशीर्वाद लिया और देश व विश्व में सुख, शांति तथा समृद्धि की प्रार्थना की।

 

गंगा आरती के दौरान घाट का आध्यात्मिक वातावरण और श्रद्धालुओं की आस्था देखकर भाग्यश्री भाव-विभोर नजर आईं। उन्होंने कहा कि काशी का आध्यात्मिक माहौल, मां गंगा का पावन तट और दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती का अनुभव उनके जीवन के सबसे अविस्मरणीय पलों में शामिल रहेगा।

 

आरती के उपरांत गंगोत्री सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से सचिव दिनेश शंकर दुबे ने भाग्यश्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान उन्हें काशी की प्राचीन धार्मिक परंपराओं, मां गंगा की महिमा तथा विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी भी दी गई।

 

गंगोत्री सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि दशाश्वमेध घाट पर प्रतिदिन होने वाली गंगा आरती केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और काशी की आध्यात्मिक पहचान का वैश्विक प्रतीक है। इसी कारण देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक इस दिव्य आयोजन का साक्षी बनने के लिए वाराणसी पहुंचते हैं।

 

भाग्यश्री की इस आध्यात्मिक यात्रा ने एक बार फिर काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *