September 24, 2026
IMG-20260513-WA0240

लखनऊ, 6 अगस्त 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत प्रदेश में 10 हजार नए ग्राम संगठन गठित किए जाएंगे। इसके साथ ही ग्राम संगठनों की कुल संख्या 65,460 से बढ़कर 75,460 हो जाएगी।

सरकार का मानना है कि ग्राम संगठनों के विस्तार से स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को मजबूत संस्थागत आधार मिलेगा, जिससे ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय सेवाओं, प्रशिक्षण, बैंकिंग सुविधाओं और विभिन्न आजीविका कार्यक्रमों का लाभ पहले से अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा। इस संबंध में ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और ग्राम संगठनों का विस्तार इस नेटवर्क को और अधिक मजबूत करेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन करोड़ परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। नए ग्राम संगठनों के गठन से नए स्वयं सहायता समूह बनाना, निष्क्रिय समूहों को फिर से सक्रिय करना और सामुदायिक नेतृत्व को मजबूत करना आसान होगा। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र परिवार तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।

मौर्य ने कहा कि ग्राम संगठनों की संख्या बढ़ने से महिलाओं को क्षमता विकास, वित्तीय समावेशन, बैंकिंग सेवाओं तक आसान पहुंच और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों में बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही ग्राम संगठनों की कार्यकुशलता और संस्थागत क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश में मजबूत और आत्मनिर्भर सामुदायिक संस्थाओं के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्वयं सहायता समूहों को बेहतर सहयोग मिलेगा और महिला सशक्तिकरण के साथ ग्रामीण विकास के लक्ष्यों को भी नई गति मिलेगी।

सरकार का यह फैसला ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और गांवों में सामुदायिक नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *