September 24, 2026
IMG-20260629-WA0171

गोरखपुर, 15 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 16 सितंबर को गोरखपुर के जंगल नकहा नंबर-2 में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। वार्ड नंबर-54 उर्वरक नगर में करीब 3.08 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस कल्याण मंडपम को अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए मांगलिक एवं सामाजिक आयोजनों का सुलभ और रियायती विकल्प बनाया गया है।

दो मंजिला भवन में 300 लोगों की क्षमता

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा 2461 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित कल्याण मंडपम दो मंजिला है। इसमें एक साथ करीब 300 लोग विभिन्न वैवाहिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे।

मंडपम में बड़े हॉल के अलावा किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंजिंग रूम तथा दोनों मंजिलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है।

पार्किंग और लॉन की भी सुविधा

परिसर में आने वाले वाहनों के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स से तैयार पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा फव्वारे के साथ लॉन भी विकसित किया गया है। इन सुविधाओं के चलते स्थानीय लोगों को निजी मैरिज हाउस के मुकाबले किफायती और सुविधाजनक आयोजन स्थल उपलब्ध होगा।

ईज ऑफ लिविंग विजन के तहत विकसित हो रही श्रृंखला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘ईज ऑफ लिविंग’ विजन के तहत गोरखपुर में वार्ड स्तर पर सर्वसुविधायुक्त कल्याण मंडपम विकसित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य विशेष रूप से निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को मांगलिक आयोजनों के लिए बेहतर और किफायती स्थान उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री के निर्देश और विधायक निधि से उपलब्ध कराई गई धनराशि के आधार पर गोरखपुर में कल्याण मंडपम की श्रृंखला विकसित की जा रही है। जंगल नकहा नंबर-2 का मंडपम इस श्रृंखला की आठवीं सुविधा होगी। इससे पहले 29 अगस्त को बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया गया था।

दो और कल्याण मंडपम निर्माणाधीन

जीडीए के मुताबिक, गोरखपुर में दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी जारी है। इनमें वार्ड नंबर-7 महादेव झारखंडी और वार्ड नंबर-2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में बनने वाले मंडपम शामिल हैं। दोनों परियोजनाओं पर करीब 2.5-2.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

अब तक लोकार्पित कल्याण मंडपम

गोरखपुर में अब तक इन स्थानों पर कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है:

– खोराबार

– सूरजकुंड

– मानबेला

– टोला पीरू शहीद, राप्तीनगर विस्तार

– बिछिया जंगल तुलसीराम

– जंगल बेनी माधव

– बशारतपुर

आईएमए के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने बुधवार के गोरखपुर दौरे के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), गोरखपुर के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। यह सेंटर आईएमए के तारामंडल क्षेत्र स्थित भवन में स्थापित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *