
लखनऊ, 31 अगस्त 2026। समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में सोमवार को जिला एवं महानगर अध्यक्षों तथा बूथ स्तर पर एप के माध्यम से सक्रिय प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तैयार है, ऐसे में भाजपा किसी भी तरह की साजिश कर सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और बूथ स्तर पर पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि PDA परिवार को मजबूत कर सामाजिक न्याय की सरकार स्थापित करना समाजवादी पार्टी का लक्ष्य है।
सपा प्रमुख ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के संपर्क में रहने और बूथ स्तर पर चुनावी तैयारियां मजबूत करने को कहा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद उत्तर प्रदेश विकास के मामले में लगातार पिछड़ा है। उनके मुताबिक भाजपा ने समाज में नफरत फैलाने के अलावा कोई सकारात्मक काम नहीं किया और वह विकास विरोधी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने PDA को प्रेम, दया और अपनत्व की भावना से जोड़ते हुए कहा कि पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
कार्यकर्ताओं को अनुशासन और संयम की नसीहत
अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपना व्यवहार संयमित रखने, भाषा पर नियंत्रण रखने और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की चालों से सावधान रहें और किसी भी तरह के जाल में न फंसें।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी नीति और कार्यक्रम के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी और 2027 में सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है और जनता पार्टी से बड़ी उम्मीदें लगाए हुए है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर वर्ग के साथ न्याय, सभी को हक और सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित सभी जिला एवं महानगर अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।






