
स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण, 7,240 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ; संतों का सम्मान, बच्चों का अन्नप्राशन और 51 कलाकारों ने दिखाई कृष्ण की लीला
मथुरा, 3 सितंबर। जन्माष्टमी से ठीक पहले कृष्ण नगरी मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास और आस्था का बड़ा संगम पेश किया। ब्रज की धरती पर पहुंचे सीएम योगी ने स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सौगातें बांटीं।
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने मंच से लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और आवास की चाबी सौंपी।
नन्हे-मुन्नों को गोद में लेकर खिलाई खीर
कार्यक्रम का भावुक पल तब आया, जब मुख्यमंत्री योगी ने बच्चों को गोद में लेकर दुलारा और उनका अन्नप्राशन कराया। बच्चों को खीर खिलाने के साथ खिलौने और गुड़िया भी भेंट की गईं। महिलाओं को उपहार और फलों की टोकरियां दी गईं।
संतों के सम्मान से शुरू हुआ कार्यक्रम
स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह के लोकार्पण के दौरान सीएम योगी ने संतों को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र और फल भेंट किए। प्रेक्षागृह के निर्माण और विकास पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार करने वाले बटुकों से परिचय प्राप्त किया।
51 कलाकारों ने मंच पर उतारा कृष्ण का रंग
कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति ने माहौल को कृष्णमय कर दिया। 51 कलाकारों ने देश की अलग-अलग नृत्य शैलियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के विविध स्वरूपों और भावों को मंच पर जीवंत किया। प्रस्तुति की कोरियोग्राफी बीएचयू की कथक नृत्यांगना शिवानी मिश्रा ने की।
स्टॉलों पर पहुंचे CM, महिलाओं से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और स्थानीय उत्पाद तैयार करने वाले लोगों से बातचीत कर उनके काम और योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
इन लाभार्थियों को मिली बड़ी सौगात
मनोज कुमार को ₹5 लाख, तोरन सिंह को ₹3.20 लाख और शैलेंद्र सिंह को ₹11.80 लाख की सहायता/स्वीकृति प्रदान की गई। राजवीर सिंह को दुग्ध प्रसंस्करण के लिए ₹8.75 लाख और सौरभ कुमार वर्मा को मसाला प्रसंस्करण के लिए ₹4.12 लाख से अधिक का चेक मिला।
वहीं मुरारी लाल को कन्या विवाह सहायता के तहत ₹65 हजार और सुखदेई को कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत ₹5 लाख का चेक दिया गया। श्यामवती और ममता को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र और आवास की चाबी मिली।
मुख्यमंत्री ने आराधना जौहरी की पुस्तक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में सांसद एवं अभिनेत्री हेमामालिनी समेत जनप्रतिनिधि, संत और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जन्माष्टमी से पहले मथुरा में मुख्यमंत्री योगी का यह कार्यक्रम आस्था, संस्कृति और विकास के रंग में रंगा नजर आया।






