सहारनपुर: पंजाब नेशनल बैंक की घंटाघर स्थित सोफिया मार्केट शाखा की करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान करीब ₹7.40 करोड़ की संदिग्ध जाली करेंसी मिलने से हड़कंप मच गया। इसके साथ ही बैंक मुख्यालय भेजी गई नकदी के मिलान में ₹4.36 लाख की कमी भी सामने आई है।
मामले में दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। पहली FIR में तीन बैंक अधिकारियों को नामजद किया गया है, जबकि ₹4.36 लाख की कमी के मामले में हाउसकीपर विशाल कुमार के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
किन पर हुई FIR?
₹7.40 करोड़ की जाली करेंसी के मामले में:
मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार
करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा
जगाधरी (खेरा बाजार) करेंसी चेस्ट के प्रबंधक अमित कुमार
वहीं, ₹4.36 लाख की नकदी कमी के मामले में हाउसकीपर विशाल कुमार के खिलाफ FIR दर्ज हुई है।
SIT कर रही जांच
DIG सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह के निर्देशन में DM और SSP ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस और बैंक की टीमें करेंसी की गिनती और मिलान कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ₹7.40 करोड़ का आंकड़ा शुरुआती आकलन है, अंतिम राशि बैंक की आधिकारिक रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
SIT बैंक रिकॉर्ड, कैश जमा करने वाले कर्मचारियों की जानकारी और CCTV फुटेज खंगाल रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट करेंसी चेस्ट तक पहुंचे कैसे।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। मामले ने बैंकिंग सिस्टम में नकदी की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






