September 24, 2026
FB_IMG_1788197558067

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सनातन धर्मशाला परिसर स्थित सोबन सिंह जीना सभागार में आयोजित ‘युवा समसामयिक संवाद’ कार्यक्रम में करीब 360 विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। 18 विद्यालयों से पहुंचे छात्रों ने रोजगार, पर्यटन, पर्यावरण, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और आपदा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। रिश्वत मांगने या अनुचित दबाव बनाने की शिकायत टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से की जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने और त्वरित जांच का भी भरोसा दिया।

सीमांत गांवों को बताया ‘भारत के प्रथम गांव’

छात्रा आल्या के सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों को देश का अंतिम छोर नहीं, बल्कि ‘भारत का प्रथम गांव और प्रथम क्षेत्र’ माना जा रहा है। ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात भी कही।

विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर

कक्षा 11 की छात्रा रेखा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक संपदा प्रदेश की सबसे बड़ी धरोहर है। विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाते हुए आगे बढ़ने की नीति पर सरकार काम कर रही है।

34 हजार से ज्यादा युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से मुख्यमंत्री ने अनुशासित जीवन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई गई हैं।

7-8 करोड़ से ज्यादा पर्यटक पहुंचे उत्तराखण्ड

पर्यटन को लेकर छात्र अब्दुल के सवाल पर सीएम ने कहा कि बेहतर सड़क, हवाई सेवाओं और होमस्टे सुविधाओं से पर्यटन को गति मिली है। चम्पावत, मुनस्यारी, कौसानी, बेरीनाग, चौकोड़ी, पंचाचूली और आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में पर्यटकों की वार्षिक संख्या 7 से 8 करोड़ के पार पहुंच गई है।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *