
लखनऊ, 01 सितंबर 2026।
जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, चार्ज निर्धारण, मानचित्रों के सत्यापन और एचएलबी/ईवी के पुनर्गठन समेत विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सितंबर माह में ही जनगणना कार्य के लिए आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता और तैनाती सुनिश्चित की जाए। गणनाकर्मियों, पर्यवेक्षकों और फील्ड ट्रेनरों की सूची समय से तैयार कर प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने को कहा गया।
उन्होंने अधिक जनसंख्या वाले एचएलबी को भौगोलिक निरंतरता के आधार पर आवश्यकतानुसार विभाजित कर उप-गणना ब्लॉक बनाने तथा गणनाकर्मियों का कार्यभार संतुलित रखने के निर्देश दिए। चार्ज एवं पर्यवेक्षण क्षेत्रों के निर्धारण में मानचित्रों का मिलान और स्थलीय सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने को कहा।
डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि किसी कर्मचारी की विभिन्न चार्ज में दोहराई गई ड्यूटी न लगे और संभव हो तो तैनाती उसके निवास या कार्यस्थल के अनुरूप की जाए। पिछले कार्यों में कार्मिकों की उपलब्धता अथवा कार्यमुक्ति से जुड़ी समस्याओं वाले विभागों को चिन्हित कर समय से पत्राचार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कार्यमुक्ति एवं छूट के मामलों की कड़ाई से समीक्षा, चार्ज रजिस्टर की प्रगति, अभिलेखों के प्रेषण-प्राप्ति और लंबित भुगतान प्रकरणों की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को समयबद्ध, त्रुटिरहित और एकरूप अभिलेखों के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनगणना उप निदेशक डॉ. गौरव पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
#Lucknow #Census2027 #Census2027Preparation #LucknowNews #DMlucknow #UttarPradesh #NewsUpdate






