लखनऊ, 29 जून 2026: उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (UPCATET-2026) का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अपने विधानसभा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान परिणाम जारी किया और परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।

 

उन्होंने कहा कि इस वर्ष परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया गया। इसके लिए एसवीएस राजू और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

 

इस वर्ष प्रवेश परीक्षा का आयोजन बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय द्वारा 17 और 18 जून को प्रदेश के 12 जिलों में किया गया। स्नातक (यूजी) परीक्षा के लिए 27 और परास्नातक, पीएचडी तथा एमबीए परीक्षाओं के लिए 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

 

परीक्षा के लिए कुल 18,827 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 16,349 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। कुल 14,802 अभ्यर्थियों ने परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। सफल अभ्यर्थियों में लगभग 73 प्रतिशत पुरुष और 27 प्रतिशत महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

 

टॉपर्स की सूची:

 

स्नातक (यूजी): काव्य मसीह (मेरठ) प्रथम, प्राची द्विवेदी (कन्नौज) द्वितीय, मोहम्मद कैफ (रामपुर) तृतीय।

 

परास्नातक (पीजी): शिवम यादव (बलिया) प्रथम, आस्था यादव (उन्नाव) द्वितीय।

 

पीएचडी: अमन सिंह (मऊ) प्रथम, अभिषेक गौतम (मथुरा) द्वितीय स्थान पर रहे।

 

 

UPCATET-2026 के परिणाम के साथ अब सफल अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *