September 24, 2026
IMG-20260908-WA0171

लखनऊ, 8 सितंबर 2026। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित दो दिवसीय यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद आए बदलाव और कानून-व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले यूपी की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट थी और प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में माफिया अपनी समानांतर व्यवस्था चला रहे थे। हत्या, फिरौती और अपहरण जैसे अपराधों का उद्योग फल-फूल रहा था।

उन्होंने कहा कि पेशेवर माफिया और गुंडे सत्ता के समानांतर अपनी व्यवस्था संचालित करते थे। बाहर से निवेश और कारोबार का सपना लेकर आने वाला व्यक्ति यहां से वसूली की पर्ची लेकर लौटता था। माफिया खुलेआम हथियार लहराते थे और जमीन पर कब्जा कर लेते थे, जबकि तत्कालीन सरकारें मौन रहती थीं।

‘यूपी के लोगों के सामने पहचान का संकट था’

सीएम योगी ने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश के नागरिकों के सामने पहचान का संकट तक खड़ा हो गया था। प्रदेश के बाहर यूपी के लोगों को मकान देने और होटल में कमरा देने तक में लोग हिचकते थे।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, 2017 के बाद सरकार ने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और इसी के परिणामस्वरूप प्रदेश में आम नागरिकों, व्यापारियों और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।

‘अब यूपी दंगा, कर्फ्यू और उपद्रव से मुक्त’

सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में दंगा, कर्फ्यू और अराजकता नहीं है। उन्होंने कहा कि यूपी अब दंगामुक्त, कर्फ्यूमुक्त और उपद्रवमुक्त प्रदेश है।

उन्होंने कहा कि अब कोई माफिया खुलेआम पिस्टल लहराते हुए नहीं घूम सकता। बेटी, व्यापारी या निवेशक की सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा, “अगर किया तो दो ही जगह हैं, या तो जेल, या फिर जहन्नुम, तीसरी कोई जगह नहीं।”

टेक्सटाइल सेक्टर को नई दिशा देने की पहल

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘यूपी टेक्स मित्रा’ पोर्टल, हथकरघा बुनकर समृद्धि योजना और उत्तर प्रदेश वस्त्र क्षेत्र प्रशिक्षण एवं कौशल विकास योजना का शुभारंभ किया।

उन्होंने टेक्सटाइल प्रदर्शनी का अवलोकन किया और यूपी टेक्सटाइल पॉलिसी के अंतर्गत एलओसी तथा प्रोत्साहन राशि का वितरण भी किया।

दो दिवसीय कॉन्क्लेव का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्रोद्योग केंद्र के रूप में विकसित करना, निवेश को बढ़ावा देना और टेक्सटाइल सेक्टर में रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *