
बनबसा/देहरादून, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी संख्या में लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की कुंजी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में जोड़ने वाली प्राचीन भारतीय जीवन पद्धति है। यह केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और बेहतर जीवनशैली का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग तनाव, चिंता और असंतुलित दिनचर्या से निपटने का प्रभावी उपाय बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि नियमित योग और प्राणायाम से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है और व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यही कारण है कि योग आज विश्वभर में लोगों के जीवन का हिस्सा बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं और इसके लाभों को अनुभव कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान योग, अध्यात्म और साधना की भूमि के रूप में रही है। राज्य सरकार योग और वेलनेस को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। इसके तहत योग केंद्रों, शोध कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि राज्य को योग और स्वास्थ्य पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाएं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, सुरक्षा बलों के जवानों, महिलाओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।






