IMG-20260629-WA0171

रामपुर | 30 जून: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर जिले के मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों में ₹700 करोड़ से अधिक लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग कभी कांवड़ यात्रा रोकते थे, त्योहारों पर प्रतिबंध लगाते थे और “जय श्रीराम” बोलने वालों पर लाठी-गोली चलवाते थे, वही आज आस्था की वकालत कर रहे हैं।

 

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता विपक्ष के पुराने कार्यों को भूली नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम सब जानते हैं कि कौन सही है और कौन गलत। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल धार्मिक स्थलों के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से असहज हैं तथा जनता को गुमराह करने के लिए झूठ का सहारा ले रहे हैं।

 

700 करोड़ से अधिक की 102 परियोजनाओं की सौगात

 

मुख्यमंत्री ने रामपुर के मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹700 करोड़ से अधिक लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से सड़क, शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।

 

मेधावी छात्रों और लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाणपत्र, लैपटॉप और सहायता राशि

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत सहायता राशि के चेक, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता तथा सामाजिक विकास में योगदान देने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया।

 

सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

 

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल थी, गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे और विकास कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित था। उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के सभी 75 जिलों में समान रूप से विकास कार्य करा रही है।

 

उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा, प्रयागराज, नैमिषारण्य और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का अभूतपूर्व विकास हुआ है। कांवड़ यात्रा, रामनवमी, जन्माष्टमी, दीपावली और दुर्गा पूजा जैसे पर्व अब सुरक्षा और भव्यता के साथ आयोजित हो रहे हैं।

 

रामपुर के विकास पर सरकार का फोकस

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर रामपुर से होकर गुजरेगा, जिससे जिले में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण, आधारभूत ढांचे के विस्तार और बिलासपुर स्थित रुद्रविलास चीनी मिल के पुनरुद्धार की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से रामपुर के पैच वर्क, जरी वर्क, वायलिन निर्माण और मेंथा उत्पादन को नई पहचान मिली है, जिससे स्थानीय युवाओं और कारीगरों को रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

 

उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी बोले मुख्यमंत्री

 

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब कल्याण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता देकर प्रदेश को नई दिशा दे रही है।

 

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *