
बिजनौर: एआईएमआईएम प्रमुख ने बिजनौर के नजीबाबाद में आयोजित जनसभा के दौरान राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि ट्रस्ट में एक मुसलमान होता तो घोटाला सामने आने पर उसका एनकाउंटर कर दिया जाता, बुलडोजर चला दिया जाता और मामला खत्म मान लिया जाता।
ओवैसी ने कहा कि इस पूरे मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग मामलों में कानून का व्यवहार समान नहीं दिखता।
सभा के दौरान उन्होंने आगामी को लेकर भी अपनी रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी नहीं चाहती कि उत्तर प्रदेश में दोबारा भाजपा की सरकार बने। यदि भाजपा को रोकने के लिए किसी दल के साथ सम्मानजनक गठबंधन की संभावना बनती है, तो एआईएमआईएम उसके लिए तैयार है।
ओवैसी ने मुस्लिम समाज से राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि अब केवल वोट बैंक बनकर रहने का समय नहीं है, बल्कि नेतृत्व तैयार करने और ऐसे प्रतिनिधियों को चुनने की जरूरत है जो विधानसभा में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएं।
उन्होंने समाजवादी पार्टी सहित अन्य विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विपक्षी नेता चुप रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा मुसलमानों को टिकट नहीं देती और खुद को सेक्युलर बताने वाली पार्टियां भी उन्हें पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं देतीं।
भाजपा की “बी-टीम” कहे जाने के आरोप पर पलटवार करते हुए ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी अपनी स्वतंत्र राजनीतिक सोच के साथ काम करती है और जनता के अधिकारों की बात करती रहेगी।






