file_00000000e9b0720880152d9460c44a54

लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) के दूसरे दिन की परीक्षा शुक्रवार को प्रदेशभर में कड़ी सुरक्षा और एआई आधारित निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई, जहां लाखों अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।

 

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग के एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से पूरे प्रदेश के परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सभी केंद्रों पर नजर रखी गई और जरूरत पड़ने पर तुरंत निर्देश भी जारी किए गए।

 

पहली पाली के दौरान एआई सिस्टम की मदद से 9 ऐसे लोगों की पहचान हुई जो दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे। इसके अलावा एक अभ्यर्थी अपने जूते में मोबाइल छिपाकर परीक्षा कक्ष में पहुंचा, जिसे जांच के दौरान पकड़ लिया गया। दूसरी पाली में भी 2 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया।

 

आयोग के अनुसार, शुक्रवार को दोनों पालियों में कुल 8,07,709 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,51,321 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। कुल उपस्थिति 93.01 प्रतिशत रही। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 92.70 प्रतिशत, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 93.36 प्रतिशत दर्ज की गई।

 

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि UPTET-2026 की परीक्षा 2 जुलाई से 4 जुलाई तक कुल पांच पालियों में आयोजित की जा रही है। अंतिम पाली की परीक्षा 4 जुलाई को होगी। आयोग का कहना है कि अंतिम चरण की परीक्षा भी एआई निगरानी और सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच कराई जाएगी।

 

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और परीक्षा से जुड़ी हर जानकारी केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *