लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेशों के तहत राजस्व, चिकित्सा शिक्षा, ऊर्जा, नगर विकास, संस्कृति और ग्रामीण विकास समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में नई नियुक्तियां की गई हैं।

 

इस फेरबदल में तीन महिला आईएएस अधिकारियों के तबादले सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। सुधा वर्मा, डॉ. सारिका मोहन और नेहा शर्मा को करीब छह महीने पहले नई जिम्मेदारियां मिली थीं, लेकिन अब उनकी तैनाती फिर बदल दी गई है। सरकार ने नई प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार इन अधिकारियों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंपी है।

ऊर्जा विभाग में भी बदलाव किया गया है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग बनाया गया है, जबकि संदीप भागिया को निगम का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा दीपा रंजन को संस्कृति विभाग में विशेष सचिव, जग प्रवेश को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में विशेष सचिव, ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन नगर आयुक्त, राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी, संजय कुमार सिंह को इटावा का मुख्य विकास अधिकारी और आलोक कुमार को बलिया का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

 

सरकार की ओर से इन तबादलों के पीछे कोई आधिकारिक कारण जारी नहीं किया गया है। हालांकि इसे प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और विभागीय कार्यों में तेजी लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *