अयोध्या में सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले, “हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने वाले जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा क्यों नहीं करा सकते?”

नीरज द्विवेदी। अयोध्या,10 जुलाई: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग आस्था की राजनीति करते हैं, उन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का कार्य किया था। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वे ऐसा कर सकते थे, तो क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ भी करवा सकते हैं? उन्होंने इसे आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए विपक्ष पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीकापुर में 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी किया। कार्यक्रम के दौरान अयोध्या के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

 

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरतपुर भरतकुंड नगर पंचायत रखा जाएगा। वहीं खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला नगर पंचायत होगा। उन्होंने कहा कि इन नामों से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिलेगी।

 

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में अयोध्या ने अभूतपूर्व विकास देखा है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, चौड़ी सड़कों, घाटों के सौंदर्यीकरण, सोलर सिटी परियोजना और बेहतर कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या अब देश और दुनिया के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल हो चुकी है।

 

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर वक्फ के नाम पर श्रृंग्वेरपुर में कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने वहां भगवान राम और निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा और स्मारक का निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।

 

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले अयोध्या विकास से वंचित थी, लेकिन अब यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या आने वाला हर श्रद्धालु यहां के बदले हुए स्वरूप को देखकर प्रभावित होता है।

 

कार्यक्रम में महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *