
मेगा जॉब मेला-2026 का शुभारंभ, UPSDM और IBM के बीच MoU, 20 से अधिक कंपनियों ने दिए रोजगार के अवसर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार और आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मेगा जॉब मेला-2026 के दौरान उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और IBM India CSR के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के जरिए प्रदेश के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल स्किल्स और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता युवा शक्ति को कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि बदलती तकनीक के दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि AI, डिजिटल स्किल्स, कम्युनिकेशन और लगातार सीखने की आदत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने यह भी कहा कि “किसी भी नौकरी को छोटा न समझें, मेहनत और ईमानदारी से किया गया हर काम आगे बढ़ने का रास्ता खोलता है।”
MoU के तहत प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों में AI आधारित पाठ्यक्रम, डिजिटल स्किल्स और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे लाखों युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार किया जा सकेगा। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कौशल विकास मिशन की उपलब्धियों की जानकारी दी, जबकि IBM इंडिया/दक्षिण एशिया की CSR प्रमुख शिप्रा शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी उत्तर प्रदेश के युवाओं तक अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
MoU के बाद सेरेमोनियल बेल रिंगिंग के साथ रोजगार मेले का औपचारिक शुभारंभ हुआ। मेले में प्रदेशभर के पॉलिटेक्निक, आईटीआई, इंजीनियरिंग और डिग्री कॉलेजों के 2,000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। वहीं Airtel Payments Bank, Nykaa, Tata Motors, Suzuki समेत 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
योगी सरकार का यह कदम उत्तर प्रदेश को AI और डिजिटल स्किल्स के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के साथ ही “विकसित उत्तर प्रदेश” और “विकसित भारत” के लक्ष्य को गति देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।






