मानसून सत्र से पहले सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए किया बड़ा ऐलान

लखनऊ, 3 अगस्त। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला और सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा। राम मंदिर, किसानों, युवाओं, महिलाओं और आउटसोर्स कर्मचारियों समेत कई अहम मुद्दों पर उन्होंने सरकार का पक्ष रखा।

मुख्यमंत्री ने राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि “जिनके जेब से राम मंदिर निर्माण के लिए एक पैसा नहीं निकला, वही आज चंदा चोरी की बात कर रहे हैं।” उन्होंने विपक्ष पर अयोध्या आंदोलन का विरोध करने और राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी करने का आरोप लगाया।

आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि एक से डेढ़ सप्ताह के भीतर आउटसोर्स कमीशन लागू किया जाएगा, जिससे न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं, रसोइयों और ग्राम चौकीदारों के मानदेय को बेहतर बनाने के लिए सरकार अनुपूरक बजट के जरिए कदम उठा रही है।

किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर पोर्टल की तकनीकी समस्या आई थी, लेकिन किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान किया है और अधिकांश चीनी मिलें समय पर किसानों के खातों में भुगतान कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष से मानसून सत्र के दौरान सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि विधानमंडल जनता की समस्याओं के समाधान का सबसे महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष नकारात्मक राजनीति छोड़कर प्रदेश के विकास और 25 करोड़ जनता के हित में स्वस्थ चर्चा करेगा।

महिलाओं और युवाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के मुकाबले प्रदेश में महिला श्रमबल की भागीदारी तीन गुना बढ़ी है और लाखों युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार कामकाजी महिलाओं के लिए श्रमजीवी हॉस्टल बना रही है और निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।

सावन माह और कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार उनकी सुरक्षा और सुविधाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य भी 7 अगस्त से सावन से जुड़े आयोजनों में हिस्सा लेंगे।

पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत कई मंत्री मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *