
लखनऊ, 13 अगस्त। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार सुबह नगर निगम के जोन-3 और जोन-4 के चार वार्डों का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़कों की सफाई संतोषजनक मिली, लेकिन नालियों में गंदगी और सफाई की खराब स्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
मंत्री ने अयोध्या दास प्रथम, अयोध्या दास द्वितीय, फैजुल्लागंज द्वितीय और गोमती नगर वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल सड़कों पर झाड़ू लगाना पर्याप्त नहीं है, नालियों की नियमित और गुणवत्तापूर्ण सफाई भी जरूरी है।
जोन-3 में सफाई कार्य में लापरवाही मिलने पर कार्यदायी कंपनी ‘लायन एनवायरो’ पर 5 लाख रुपये जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं गोमती नगर वार्ड में नालियों की खराब सफाई पर संबंधित एसएफआई और सुपरवाइजर का पांच-पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
श्री खन्ना ने कहा कि लखनऊ स्मार्ट सिटी है तो इसकी सड़कें, गलियां, नालियां और नागरिक सुविधाएं भी स्मार्ट दिखनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कमियां तत्काल दूर कराने और दोबारा ऐसी स्थिति न मिलने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ लखनऊ की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। अच्छा कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि लापरवाही पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता प्रोत्साहन समिति के सुनील कुमार मिश्रा मौजूद रहे।






