
देवरिया को सीएम योगी की बड़ी विकास सौगात, ₹456 करोड़ से अधिक की 106 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
देवरिया: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया जिले को विकास की नई रफ्तार देने के उद्देश्य से ₹456.38 करोड़ की लागत वाली 106 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 25 परियोजनाओं का लोकार्पण और 81 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं का फोकस सड़क संपर्क, पुल निर्माण, बाढ़ सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगर विकास जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और मजबूत आधारभूत ढांचा किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास की नींव होते हैं। इसी दिशा में सबसे अहम परियोजना सोनूघाट से बरहज मार्ग को फोरलेन बनाने की है। लगभग ₹172.26 करोड़ की लागत से बनने वाला यह मार्ग न केवल आवागमन को आसान बनाएगा बल्कि व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा।
इसके अलावा बरहज विकासखंड के भदिला अव्वल में ₹31.30 करोड़ की लागत से नए पुल का निर्माण कराया जाएगा, जिससे आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। नौरंगिया-हाटा-गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग के चौड़ीकरण, इंदुपुर-लवकनी मार्ग के सुदृढ़ीकरण और अन्य सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को राहत देने के लिए घाघरा, राप्ती और गोर्रा नदियों के किनारे कटाव निरोधक कार्यों और तटबंधों के सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से नदी कटान और बाढ़ से प्रभावित इलाकों को सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। विभिन्न ब्लॉकों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के नए शैक्षणिक भवन और छात्रावास बनाए जाएंगे। वहीं रुद्रपुर क्षेत्र में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र भवन के पुनर्निर्माण का कार्य भी शुरू होगा। नगर पंचायत रुद्रपुर में बारात घर के निर्माण जैसी परियोजनाएं भी स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।
सरकार का कहना है कि इन सभी विकास कार्यों के पूरा होने के बाद जिले में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा, बाढ़ और कटाव से सुरक्षा बढ़ेगी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और नगर क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास होगा। इससे देवरिया के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।






