
लखनऊ, 20 जुलाई: बाराबंकी के लोधेश्वर धाम में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान शिव का विधि-विधान से दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक किया। उन्होंने बाबा भोलेनाथ की आरती उतारकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मंदिर परिसर में डमरू वादन के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन भी किया।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने लोधेश्वर धाम में निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर के पीछे आयोजित कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया, उन्हें खिलौने और चॉकलेट वितरित कर स्नेह जताया। प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन करते हुए उनसे बातचीत भी की। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई तथा बाराबंकी के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित कर सहायता राशि, स्वीकृति पत्र, टूल किट और कृषि यंत्रों की चाबियां वितरित कीं। कृषि यंत्र योजना के तहत शिवशंकर वर्मा और छाया देवी को 4-4 लाख रुपये की सहायता दी गई। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के तहत मोहसिन मतीन को 10 लाख और मुकेश कुमार को 3.10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत शांति देवी को सिलाई टूल किट, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत नितेश वर्मा को 5 लाख रुपये तथा ओडीओपी योजना के तहत मोहम्मद आलम को 21 लाख रुपये का चेक दिया गया। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत हेमकरण माथुर को 3.90 करोड़ रुपये से अधिक और हर्षिता वर्मा को 15 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई।
मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत प्रमेंद्र विक्रम सिंह को 11.80 लाख रुपये से अधिक का चेक दिया गया। वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आरती देवी और गायत्री देवी को स्वीकृति पत्र सौंपे गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आरती और अशोक कुमारी सिंह को सामुदायिक निवेश निधि के लिए 3.19 करोड़ रुपये से अधिक का चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया।






