लखनऊ में आम महोत्सव 2026 का आगाज़, सीएम योगी ने किया उद्घाटन, 800 से अधिक किस्मों के आम बने आकर्षण

 

 

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नौवें तीन दिवसीय आम महोत्सव-2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘आम महोत्सव 2026’ की स्मारिका का विमोचन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील बागवानों को सम्मानित किया।

 

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन में उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

 

मंत्री ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में 800 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं, जो आम प्रेमियों, किसानों, बच्चों और अभिभावकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। महोत्सव का आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, मलिहाबाद के बागानों और जनभवन में किया गया है, जिसका उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों से जोड़ना और बागवानी को बढ़ावा देना है।

 

उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग ने आम की गुणवत्ता सुधारने के लिए पेपर बैग तकनीक, हाई-टेक नर्सरी, निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड और नई बागवानी परियोजनाओं को बढ़ावा दिया है। मुख्यमंत्री के कार्यकाल में हाई-टेक नर्सरी से वितरित पौधों की संख्या 74 लाख से बढ़कर 29 करोड़ तक पहुंच गई है।

 

सरकार शहरी क्षेत्रों में रूफ टॉप गार्डनिंग को भी प्रोत्साहित कर रही है, ताकि हरित वातावरण बढ़े और कार्बन उत्सर्जन के प्रभाव को कम किया जा सके। साथ ही मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के माध्यम से औषधीय एवं उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

 

मंत्री ने बताया कि प्रदेश की केवल 9 प्रतिशत भूमि पर होने वाली औद्यानिक खेती से 42 प्रतिशत उत्पादन प्राप्त हो रहा है। उत्तर प्रदेश के आम, शहद और अन्य उद्यानिक उत्पाद आज अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, रूस, जर्मनी, कतर, सिंगापुर समेत कई देशों में निर्यात किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम और शहद उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी है और ‘काशी शहद’ को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि मखाना, ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, खजूर और कमल जैसी नई फसलों को भी किसानों के बीच लोकप्रिय बनाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में अलीगंज की हालिया दुखद घटना के प्रति शोक व्यक्त करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *