IMG-20260706-WA0303

यूपी खेलों में रच रहा नया इतिहास, सीएम ने लिखी खिलाड़ियों के नाम पाती

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं के नाम एक प्रेरणादायक पाती लिखते हुए कहा कि “मैदान की मिट्टी जीत-हार नहीं, बल्कि हर बार उठकर आगे बढ़ना सिखाती है।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास के साथ-साथ खेलों में भी देश का नंबर-1 राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की पुरुष टीम पहली बार चैंपियन बनी और प्रदेश ने 20 पदक जीतकर नया इतिहास रचा। वहीं, अंडर-18 हॉकी एशिया कप विजेता भारतीय टीम में यूपी के पांच खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम, हर जिले में आधुनिक स्टेडियम तथा मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय विकसित किया जा रहा है। साथ ही हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।

 

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण, सकारात्मक सोच और टीम भावना का सबसे मजबूत माध्यम हैं तथा युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *