September 24, 2026
IMG-20260917-WA0167

वाराणसी, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। दोनों नेताओं ने विशेष अनुष्ठान, जलाभिषेक और आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन और देश-प्रदेश की समृद्धि की कामना की गई।

पुरोहितों और स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान

काशी विश्वनाथ धाम में रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने मंदिर से जुड़े पुरोहितों एवं आचार्यों का सम्मान किया। साथ ही धाम की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले स्वच्छता प्रहरियों को भी सम्मानित किया गया।

इसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच मिष्ठान वितरित किया गया। प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस के मौके पर कुल 76 किलो लड्डू तैयार किए गए थे।

विकसित भारत के लक्ष्य की कामना

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रार्थना किए जाने की बात कही।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर वरिष्ठ नेताओं ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में विशेष पूजा-अनुष्ठान किया। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की प्रार्थना की, ताकि उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ता रहे।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर, विधायक नीलकंठ तिवारी समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *