IMG-20260802-WA0182

लखनऊ, 2 अगस्त: उत्तर प्रदेश में रविवार को ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ राष्ट्रव्यापी अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। राजधानी लखनऊ के KGMU के ब्राउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि रहीं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10 हजार से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से ज्यादा युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण का आह्वान किया।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, KGMU की कुलपति प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद, युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एल.वाई. और MY Bharat उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। 300 से अधिक MY Bharat स्वयंसेवकों और KGMU के छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त भारत का सामूहिक संकल्प लिया।

PM मोदी बोले, नशा राष्ट्र की प्रगति का सबसे बड़ा दुश्मन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश का युवा नशे से दूर, स्वस्थ, जागरूक और आत्मविश्वासी होगा। उन्होंने युवाओं से खुद नशे से दूर रहने और अपने परिवार, दोस्तों व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं, बल्कि अगले 100 सप्ताह तक देशभर में खेल, फिटनेस, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों, जन-जागरूकता कार्यक्रमों और सामुदायिक भागीदारी के जरिए लगातार चलाया जाएगा।

राज्यपाल का संदेश, हर युवा बदले एक जिंदगी

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं से आह्वान किया कि हर युवा कम से कम एक ऐसे व्यक्ति को नशे की लत से बाहर निकालने का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि यदि हर युवा एक जीवन बदलने का संकल्प ले, तो नशामुक्त समाज का लक्ष्य जल्दी हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने KGMU के गोद लिए गए गांवों का उल्लेख करते हुए सुझाव दिया कि छात्र समूह बनाकर घर-घर सर्वे करें, नशे से प्रभावित लोगों की पहचान करें और उन्हें चिकित्सा व जागरूकता के माध्यम से मुख्यधारा में लाने का प्रयास करें।

घर का भोजन और आत्मनिर्भरता पर भी दिया जोर

राज्यपाल ने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि वे आज भी अपना भोजन स्वयं बनाती हैं। उन्होंने युवाओं से बाहर के भोजन और ऑनलाइन फूड ऑर्डर पर निर्भरता कम करने तथा पौष्टिक घरेलू भोजन अपनाने की अपील की।

युवा शक्ति बनेगी जन-आंदोलन की ताकत

राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशामुक्त समाज बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वहीं KGMU की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने कहा कि अनुशासित और स्वस्थ युवा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत हैं।

MY Bharat उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने बताया कि अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह में प्रदेशभर में वॉकाथॉन, योग, फिटनेस कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, डिजिटल ई-प्लेज और रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

प्रदेशभर में लिया गया नशामुक्त भारत का संकल्प

इस अभियान की खास बात यह रही कि यह केवल लखनऊ तक सीमित नहीं रहा। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों और विकास खंडों में MY Bharat स्वयंसेवकों के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां NSS स्वयंसेवकों, युवा मंडलों और हजारों छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों और युवाओं ने शपथ लेते हुए समाज को नशामुक्त बनाने और जन-जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *