IMG-20260702-WA0152

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए अगले पांच दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश, तेज आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राहत आयुक्त ने भी सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।

 

मौसम विभाग के अनुसार आज रात 8:30 बजे से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

 

इसके अलावा फतेहपुर, वाराणसी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया और जालौन समेत कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और मेघगर्जन की संभावना जताई गई है।

 

लखनऊ, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा और शाहजहांपुर सहित कई अन्य जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका भी व्यक्त की गई है।

 

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों तथा बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें। किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

 

प्रदेश में लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *