उत्तराखंड: सरकारी कर्मचारियों के लिए आई बड़ी काम की किताब, सीएम धामी ने किया ‘सेवा विधि’ का विमोचन

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुस्तक को सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए लेखक के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक सरकारी सेवा से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं को आसान भाषा में समझाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक सरकारी अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। लेकिन इसके साथ ही सेवा नियमों, संवैधानिक प्रावधानों और सरकारी प्रक्रियाओं की सही जानकारी भी उतनी ही आवश्यक है, ताकि जनता के काम बिना किसी बाधा के समय पर पूरे हो सकें।

सीएम धामी ने बताया कि उत्तराखंड बनने के बाद अब तक ऐसी कोई व्यापक पुस्तक उपलब्ध नहीं थी, जिसमें सेवा नियम, शासनादेश, संवैधानिक प्रावधान और न्यायालयों के महत्वपूर्ण फैसलों को एक ही जगह सरल तरीके से प्रस्तुत किया गया हो। उन्होंने कहा कि ‘सेवा विधि’ इस कमी को पूरा करने का काम करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक किताब नहीं, बल्कि सरकारी कर्मचारियों के लिए व्यवहारिक मार्गदर्शिका है। इससे अधिकारी और कर्मचारी अपने सेवाकाल में नियमों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे और सही निर्णय लेने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी वास्तव में जनता की सेवा है और हर फैसला सीधे आम नागरिक के जीवन को प्रभावित करता है।

उन्होंने यह भी कहा कि एक सक्षम लोकसेवक वही होता है जो नियमों को केवल औपचारिकता नहीं मानता, बल्कि उनकी मूल भावना को समझते हुए जनहित का रास्ता तलाशता है। शासन का उद्देश्य सिर्फ नियम लागू करना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन आसान बनाना और जनकल्याण सुनिश्चित करना है।

पुस्तक के लेखक आर.सी. लोहनी ने बताया कि इस पुस्तक में सरकारी सेवाओं से जुड़े संवैधानिक प्रावधान, अधिनियम, नियम, शासनादेश और उच्चतम एवं उच्च न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों को शामिल किया गया है, जिससे सरकारी कर्मचारियों को एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *