
झांसी, 20 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को झांसी में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अवैध खनन, गो तस्करी, भू माफिया और शराब माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफियाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर प्रभावी ढंग से अमल किया जाए।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने झांसी प्रशासन की “जनसंवाद” पहल की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच नियमित संवाद विकास कार्यों को गति देता है और जनसमस्याओं के समाधान में मददगार साबित होता है।
सीएम योगी ने अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने, ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई करने तथा खनन प्रभावित क्षेत्रों में वृक्षारोपण कराने के निर्देश भी दिए। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग और पैदल गश्त बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उद्यमी बनाने, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने तथा बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा की।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने “जनसंवाद” पहल, जल संरक्षण, विद्युत व्यवस्था में सुधार और गोशालाओं की सीसीटीवी निगरानी सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। वहीं जनप्रतिनिधियों ने एम्स, आईआईटी, एयरपोर्ट और मुआवजा संबंधी मुद्दों पर अपने सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।






