September 24, 2026
file_00000000d5e07207834fbd158723017f

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय होगा उत्तर प्रदेश, 1.42 करोड़ छात्र-छात्राएं करेंगे सामूहिक योगाभ्यास

लखनऊ, 20 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है। 21 जून को प्रदेश के 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों में लगभग 1.42 करोड़ छात्र-छात्राएं सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। इसके साथ ही 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत 78 हजार से अधिक छात्राएं भी योग कार्यक्रमों में भाग लेंगी। योग दिवस को सफल और व्यापक बनाने के लिए राज्य सरकार तथा बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस महाअभियान में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विद्यालय प्रबंधन समितियों के सदस्य, अभिभावक और स्थानीय समुदाय भी सक्रिय रूप से शामिल होंगे। सरकार का उद्देश्य योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखकर इसे स्वस्थ जीवनशैली और जनस्वास्थ्य के मजबूत आधार के रूप में स्थापित करना है।

बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश के सभी विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम, ध्यान तथा योग के महत्व पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही योग के माध्यम से तनाव प्रबंधन, एकाग्रता, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन और प्रभावी अनुश्रवण के लिए शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आयुष मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रदेश सरकार का मानना है कि विद्यालय स्तर पर योग को बढ़ावा देकर नई पीढ़ी को स्वस्थ, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाया जा सकता है। यही कारण है कि पिछले कुछ वर्षों में विद्यालयों में नियमित योग गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। इस बार का आयोजन भी उसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

21 जून को जब प्रदेश के लाखों विद्यार्थी एक साथ योग करेंगे, तब गांव से लेकर शहर तक विद्यालय परिसर योगमय वातावरण के साक्षी बनेंगे। यह आयोजन न केवल योग की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश में स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण संदेश देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *