September 24, 2026
IMG-20260811-WA0193

लखनऊ, 11 अगस्त। उत्तर प्रदेश ने सरकारी खरीद के डिजिटल प्लेटफॉर्म GeM यानी Government e-Marketplace पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2017 में GeM की शुरुआत के बाद से उत्तर प्रदेश ने इसके माध्यम से ₹1 लाख करोड़ से अधिक की खरीद की है। देश के सभी राज्यों की GeM के जरिए हुई कुल खरीद में यूपी की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत से अधिक है।

GeM के 10वें स्थापना दिवस पर उत्तर प्रदेश को उसके शानदार प्रदर्शन के लिए एक साथ तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने प्रदेश को सम्मानित किया।

उत्तर प्रदेश को GeM Overall Excellence Award, Highest GMV Since Inception Award और Best Outreach Initiatives for Capacity Building Award प्रदान किए गए। प्रदेश की ओर से प्रमुख सचिव, एमएसएमई विभाग शशिभूषण लाल सुशील ने पुरस्कार ग्रहण किए।

Highest GMV Since Inception Award प्रदेश द्वारा GeM की शुरुआत से अब तक की गई ₹1 लाख करोड़ से अधिक की खरीद के लिए दिया गया। वहीं Best Outreach Initiatives for Capacity Building Award GeM के प्रति जागरूकता, प्रशिक्षण और अधिक से अधिक विभागों, अधिकारियों एवं कारोबारियों को इससे जोड़ने के प्रयासों के लिए मिला।

प्रमुख सचिव शशिभूषण लाल सुशील ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में GeM पर बढ़ती सरकारी खरीद का लाभ प्रदेश के कारोबारियों और उद्यमियों को भी मिला है। MSME, महिला उद्यमियों, SC/ST उद्यमों और स्टार्टअप्स के लिए सरकारी खरीद में भागीदारी के अवसर बढ़े हैं।

GeM के माध्यम से खरीद प्रक्रिया में अलग-अलग विक्रेताओं और उत्पादों के विकल्प उपलब्ध होने से पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। साथ ही विक्रेताओं को सरकारी संस्थाओं तक पहुंचने के लिए एक समान डिजिटल मंच मिला है।

उत्तर प्रदेश में GeM के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों, विभागों और कारोबारियों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए गए हैं। ₹1 लाख करोड़ से अधिक की खरीद, 30 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी और तीन राष्ट्रीय पुरस्कार सरकारी खरीद में यूपी के मजबूत प्रदर्शन को दर्शाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *