September 24, 2026
IMG-20260811-WA0178

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो (IBET Expo)-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बताते हुए निवेशकों से प्रदेश में निवेश का आह्वान किया।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना, CBG उत्पादन और रिकॉर्ड विद्युत आपूर्ति में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर होने से निवेश के लिए सुरक्षित और अनुकूल माहौल तैयार हुआ है।

उन्होंने निवेशकों से कहा कि उत्तर प्रदेश में कहीं भी प्लांट लगाएं और बेझिझक निवेश करें। उनके अनुसार प्रदेश में अब निवेशकों से किसी तरह का ‘गुंडा टैक्स’ नहीं मांगा जाता।

मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कृषि अवशेष, गन्ना, जैविक अपशिष्ट और नगरीय कचरे के कारण बायोएनर्जी की अपार संभावनाएं हैं। CBG, बायोगैस, बायोमास और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसी तकनीकों से कचरे को ऊर्जा, रोजगार और आर्थिक विकास के अवसर में बदला जा सकता है।

बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश से किसानों को कृषि अवशेषों से अतिरिक्त आय, ग्रामीण युवाओं को रोजगार और प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य स्वच्छ ऊर्जा के साथ नई तकनीक और नवाचार को भी बढ़ावा देना है।

IBET Expo-2026 का आयोजन 11 से 13 अगस्त तक किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश के निवेशक, विशेषज्ञ, तकनीकी संस्थान और उद्योग जगत हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान 150 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने प्रदर्शनी लगाई है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल भी मौजूद रहे। मंत्री ने ‘भारत बायो एनर्जी कंपास’ वेबसाइट का शुभारंभ भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *