
लखनऊ, 2 अगस्त। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने से पहले विधानभवन को आधुनिक और तकनीक आधारित सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विधानभवन परिसर में कई नई परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें विधान परिषद की डिजिटल लाइब्रेरी, परिषद मंडप का सौंदर्यीकरण, मुख्य भवन के भूतल पर नवीनीकृत कॉरिडोर और विधानसभा का अत्याधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो प्रमुख हैं।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने सभी नई सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीकॉप्टर की थीम पर तैयार विशेष मॉडल में बैठकर उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली डिजिटल प्रस्तुति देखी। इसमें अयोध्या, काशी, मथुरा सहित प्रदेश की आध्यात्मिक धरोहर, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों की आकर्षक झलक दिखाई गई।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो का भी अवलोकन किया, जहां भविष्य में विधानसभा की गतिविधियों और जनहित से जुड़े विषयों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने सदन के भीतर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य विधानसभा को डिजिटल, पारदर्शी और आधुनिक संसदीय संस्थान के रूप में विकसित करना है, ताकि तकनीक के माध्यम से जनता और लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच संवाद को और मजबूत किया जा सके।
मुख्यमंत्री के विधानसभा पहुंचने पर अध्यक्ष सतीश महाना ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, ओमप्रकाश राजभर, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






