
लखनऊ, 13 अगस्त 2026। संत शिरोमणि श्री रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
इसी क्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा 14 अगस्त को मऊ के दोहरीघाट पहुंचेंगे। यहां वह संत रविदास मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास करेंगे और समरसता संकल्प अभियान में भी भाग लेंगे।
दोहरीघाट स्थित मंदिर का जीर्णोद्धार वंदन योजना के तहत करीब ₹1.82 करोड़ की लागत से कराया जाएगा। इससे मंदिर को बेहतर और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के साथ श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी ने समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनकी 650वीं जयंती उनके विचारों को जीवन में अपनाने और समाज में आपसी सद्भाव को मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास को प्राथमिकता दे रही है।






