IMG-20260722-WA0164

लखनऊ, 22 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को लखनऊ स्थित इन्वेस्ट यूपी सभागार में इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो (IBET Expo 2026) की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय स्टेकहोल्डर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने की। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा, निवेश की संभावनाओं, उद्योगों की भागीदारी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल, यूपीनेडा (UPNEDA) के निदेशक रविंद्र सिंह, सचिव पंकज सिंह, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, बायोएनर्जी विशेषज्ञ और अन्य स्टेकहोल्डर्स मौजूद रहे। सभी ने आयोजन को वैश्विक स्तर का सफल मंच बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।

ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ऊर्जा परिवर्तन, हरित विकास और निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि IBET Expo 2026 प्रदेश को बायोएनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF), वेस्ट-टू-एनर्जी और अन्य हरित तकनीकों के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। यह आयोजन निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ नई तकनीकों और नवाचार को भी बढ़ावा देगा।

मंत्री ने कहा कि कृषि प्रधान राज्य होने के कारण उत्तर प्रदेश के पास कृषि अपशिष्ट की अपार क्षमता मौजूद है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 17 मिलियन टन कृषि अपशिष्ट उपलब्ध है, लेकिन इसमें से केवल 5 मिलियन टन का ही उपयोग किया जा रहा है। यदि इस संसाधन का पूरी क्षमता से उपयोग किया जाए तो प्रदेश ग्रीन एनर्जी उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य बन सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि अवशेषों को ऊर्जा में बदलने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है ताकि किसानों की आय बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिल सके।

ए. के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की सोच केवल राष्ट्रीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बायोएनर्जी क्षेत्र का प्रमुख केंद्र बनाने की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष प्रयासों से इस क्षेत्र में लगातार नई नीतियां बनाई गई हैं और समय की जरूरत के अनुसार इन्हें और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों, उद्योग संगठनों और निवेशकों से समन्वित प्रयास करने की अपील करते हुए कहा कि यह एक्सपो प्रदेश में रोजगार, निवेश, तकनीकी नवाचार और सतत विकास को नई गति देगा।

बैठक में बताया गया कि 11 से 13 अगस्त 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाला IBET Expo 2026 उत्तर प्रदेश सरकार और UPNEDA द्वारा इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (IFGE) के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश और विदेश के नीति निर्माता, वैज्ञानिक, उद्योगपति, निवेशक और ऊर्जा विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।

आयोजन के दौरान 25 से अधिक सम्मेलन सत्र, 120 से ज्यादा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं के संबोधन, 150 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी तथा हजारों प्रतिनिधियों और व्यावसायिक आगंतुकों की उपस्थिति रहेगी। सरकार को उम्मीद है कि यह एक्सपो उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ राज्य को देश की “बायोएनर्जी राजधानी” बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *